बिलासपुर (ईएमएस)। माहेश्वरी महिला मंडल की सखियों ने ग्रैंड अंबामे गणगौर बिंदोरा पारंपरिक वेशभूषा में हर्षोल्लास के साथ मनाया। गणगौर राजस्थान का प्रमुख पर्व है, जिसकी शुरुआत होली के दूसरे दिन से होकर 16 दिनों तक गौर-इसर जी की पूजा के साथ की जाती है। इस वर्ष 21 मार्च को बड़ी गणगौर के साथ इसका समापन होगा। कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन किया गया। महिलाओं ने दूब और फूलों से गणगौर-इसर की पूजा कर पार्वती माता का आह्वान किया। इस अवसर पर हलवा-पूरी एवं फलों का 16 की संख्या में भोग अर्पित किया गया। अविवाहित कन्याओं ने अच्छे वर की कामना के लिए व्रत-पूजन किया, वहीं विवाहित महिलाओं ने अखंड सौभाग्य के लिए उपवास रखा। बिंदोरा कार्यक्रम में महेश वंदना, गणगौर गीतों की प्रस्तुति तथा नानी बाई का मायरा की नाट्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए नीलम डागा को अध्यक्ष, पूजा टावरी को सचिव एवं शीला मालपानी को कोषाध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया। पूर्व अध्यक्ष विनीता माहेश्वरी ने नवचयनित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कार्यभार सौंपा। अंत में आरती, प्रसाद वितरण एवं अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं। मनोज राज 18 मार्च 2026