- रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन पर ट्रायल, जल्द शुरू होगी नई रेल सेवा राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह 10:35 बजे स्पेशल ट्रेन पहुंची। यह ट्रेन राजस्थान के कोटा से सुबह 7:32 बजे रवाना हुई थी। इसमें CRS गुरु प्रकाश, CAO/C मोहम्मद सुजात हाशमी सहित करीब 35-40 रेलवे अधिकारी सवार थे। स्टेशन पर पहुंचने के बाद पंडित द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ भगवान गणेश का पूजन कराया गया, इसके बाद निरीक्षण कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों की टीम पहले खिलचीपुर से राजगढ़ पहुंची और फिर वापस खिलचीपुर लौटकर ट्रॉली ट्रायल शुरू किया। आगे की ट्रॉली में वरिष्ठ अधिकारी सवार रहे, जबकि पीछे अन्य अधिकारी मौजूद थे। टीम ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नल सिस्टम, पुल-पुलिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करते हुए दोपहर तक राजगढ़ पहुंचने वाली है। निरीक्षण के बाद ट्रैक की अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद शाम को राजगढ़ से स्पेशल ट्रेन खिलचीपुर के लिए रवाना होगी। इस दौरान ट्रेन को 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर ट्रैक की क्षमता जांची जाएगी। ट्रेन के करीब 25 मिनट में खिलचीपुर पहुंचने का अनुमान है। यह पूरा ट्रायल रामगंजमंडी-भोपाल रेलवे लाइन पर ट्रेन संचालन शुरू करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। निरीक्षण सफल होने के बाद इस रूट पर जल्द ही नियमित ट्रेन सेवा शुरू होने की संभावना है। -निखिल/राजगढ़/18/3/2026