- समीक्षा : जिला शिक्षा अधिकारी ने बैठक में दिए निर्देश जबलपुर, (ईएमएस)। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी द्वारा बुधवार को पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जबलपुर में शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए। बैठक के प्रारंभ में विद्यालयों के समेकन की प्रगति की समीक्षा की गई। निर्देशित किया गया कि जिन विद्यालयों में नामांकन अत्यंत कम है, उनका युक्तियुक्त पुनर्गठन प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत छात्र नामांकन सत्यापन की समीक्षा करते हुए सभी विकासखंडों में भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा नामांकन वृद्धि हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। एजुकेशन पोर्टल 3.0 के अंतर्गत कर्मचारियों के सत्यापन एवं डेटा अद्यतन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैंक खाता प्रमाणीकरण की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के बैंक खातों का पूर्ण सत्यापन किया जाए, ताकि छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय लाभ सीधे एवं समय पर खातों में हस्तांतरित हो सकें। ई-अटेंडेंस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए सभी विद्यालयों में नियमित उपस्थिति दर्ज करने एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा में पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ प्रदान करने तथा नवीन प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के नवीन प्रवेश को सरल, पारदर्शी एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने पर जोर दिया गया, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थी शासकीय विद्यालयों में प्रवेश लें। पाठ्यपुस्तक वितरण के संबंध में निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विद्यार्थी को समय पर पूर्ण पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हो। साइकिल वितरण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आगामी द्वितीय वार्षिक परीक्षा (मई 2026) के संबंध में परीक्षा की समुचित तैयारी, प्रश्नपत्रों की समय पर उपलब्धता, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं, गोपनीयता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जानकारी दी गई कि 25 मार्च से 5 अप्रैल 2026 तक पुस्तक मेला 2026, जबलपुर का आयोजन शहीद स्मारक, गोल बाजार में किया जा रहा है। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि इस मेले की जानकारी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों तक व्यापक रूप से पहुंचाई जाए। बैठक में सहायक संचालक आर.के. बधान, एडीपीसी आरएमएसए गौतम बर्बे, डीपीसी योगेश शर्मा, बीईओ मझोली अतुल चौधरी, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, प्रोग्रामर पारुल राय, एपीसी मोनिका लकरा सहित जिले के समस्त बीआरसी, बीएसी, प्राचार्य एवं जनशिक्षक उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 18 मार्च 2026