क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


- बैंक पहुंचे वृद्ध के साथ 2 युवकों ने की जालसाजी जबलपुर, (ईएमएस)। अधारताल थाना अतंर्गत सुहागी स्थित स्टेट बैंक की शाखा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग को ठग लिया| युवकों ने चालाकी से नोटों की गड्डी में कागज भरकर बुजुर्ग को थमाया और 98 हजार रुपए लेकर चंपत हो गए| पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो गए| घटना मंगलवार की दोपहर की बताई गई है| फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है| अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि सुहागी निवासी 64 वर्षीय वृद्ध गुरुदत्त केवट मंगलवार दोपहर अकेले ही बैंक चले गए. अंदर जाने के बाद जब वह फार्म भरने के लिए आसपास किसी को देख रहे थे. इस दौरान पीली शर्ट पहनने वाला युवक पास आया और मदद करने को कहा. दूसरा ठग भी वहीं था. बुजुर्ग ने ठग को रुपए निकालने का फार्म और पासबुक दे दिया. थोड़ी देर बाद युवक ने फार्म भरकर गुरुदत्त को दे दिया. लाइन नें लगने के बाद जब बुजुर्ग को 98 हजार रुपए मिल गए तो दोनों ठग उनके पास पहुंचे और साथ में ही बैंक से बाहर आ गए. ठगों की चालाकी से बेखबर वृद्ध जब घर पहुंचे तो देखा कि सिर्फ एक नोट ऊपर और एक नोट नीचे का असली था. बाकी सारे कागज के टुकड़े. पीडि़त वृद्ध अपने बेटे के साथ आधारताल थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई. इसके बाद आधारताल पुलिस बैंक पहुंची और अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बुजुर्ग के आसपास दो युवकों को देखा जो उनसे बात भी कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि ठगों की शिनाख्त कर ली गई है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. दो संदिग्धों की शिनाख्त......... एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें दोनों संदिग्ध जालसाज वृद्ध के साथ बातचीत करते और गड्डी बदलते हुए कैद हुए हैं। अधारताल पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी लगे कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि हुलिए के आधार पर जल्द ही दोनों ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुनील साहू / मोनिका / 18 मार्च 2026