दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा एवं आगामी नवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री वानखड़े ने यातायात प्रभारी को राजगढ़ चैराहे के पास यातायात व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व प्रारंभ होने वाला है, ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि मंदिर के उत्तर द्वार के पास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न रहे। कलेक्टर श्री वानखड़े ने कहा कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख मंदिरों पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने “राहवीर योजना” के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए आरटीओ को निर्देशित किया कि योजना का अधिक से अधिक प्रचार किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार मिल सके एवं सहायता करने वालों को प्रोत्साहित किया जा सके। बैठक में ट्रैक्टर एवं ट्रॉली पर सुरक्षा की दृष्टि से रेडियम लगाने, लेजर स्पीड मॉनिटरिंग, जल निगम एवं नगर पालिका द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित उपचार हेतु एम्बुलेंस की उपलब्धता, सभी जंक्शनों पर रंबल स्ट्रिप लगाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं एनएचएआई द्वारा निर्मित सड़कों पर आवश्यक सुरक्षा संकेतक (साइन बोर्ड) लगाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में कोई लापरवाही न बरती जाए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएं एवं आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करें।