क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


- कलेक्टर ने समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश राजगढ़(ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों (आरओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी ब्यावरा श्री गोविंद दुबे, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी सारंगपुर श्री रोहित बम्होरे एवं अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी राजगढ़ श्रीमती निधि भारद्वाज सहित जिले के समस्त तहसीलदार उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आरओआर एंट्री, फार्मर रजिस्ट्री, सीएम हेल्पलाइन तथा धारणाधिकार से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली की एंट्री पोर्टल पर दर्ज नहीं किए जाने पर नायब तहसीलदार चाटुखेड़ा, मलावर एवं किला अमरगढ़ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी तहसीलदारों को बटवारा प्रकरणों के साथ-साथ तरमीम की कार्यवाही भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गिरदावरी सर्वेयरों के भुगतान समय-सीमा में सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत जाति प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र की एंट्री पोर्टल पर प्राथमिकता से की जाए। साथ ही स्वामित्व योजना, धारण अधिकार के प्रकरणों एवं समय-सीमा वाले आवेदनों पर तहसीलवार वन-टू-वन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए राजस्व संबंधी सेवाओं में पारदर्शिता एवं गति सुनिश्चित की जाए। -निखिल/राजगढ़/18/3/2026