- श्रद्धा आस्था की रहेगी धूम राम हनुमान रथ यात्रा रहेगी आकर्षण का केंद्र मुस्लिम भाई भी करेंगे रथ यात्रा का भव्य स्वागत ग्वालियर ( ईएमएस ) । संकट मोचन हनुमान बालाजी धाम मंदिर गोलपाड़ा पर पांच दिवसीय हनुमत जन्मोत्सव 31 मार्च को रामचरित मानस अखंड रामायण पाठ के साथ शुरू होगा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भगवान को 56 भोग का प्रसाद भी लगाया जायेगा। उक्त जानकारी संकट मोचन बालाजी धाम मंदिर गोलपाडा के चरण सेवक जगबीर दास ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी संकट मोचन हनुमान बालाजी धाम मंदिर गोलपाड़ा पर हनुमान जी महाराज का जन्म उत्सव बड़े ही हर्ष उल्लास एव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम के प्रथम दिन 31 मार्च मंगलवार को प्रातः 10ः00 बजे से रामचरितमानस (अखंड रामायण) का पाठ प्रारंभ होगा। वहीं 1 अप्रैल बुधवार शाम 5ः00 बजे से सुंदरकांड का पाठ शाम 7ः30 बजे से सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। 2 अप्रैल गुरुवार प्रातः 4ः00 बजे मूर्ति स्वरूप हनुमान जी महाराज का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा और चोला चढ़ाकर श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही 8ः00 बजे प्रभु हनुमान जी महाराज को छप्पन प्रकार के व्यंजनों से भोग लगाया जाएगा। दो अप्रैल की शाम 6ः 00 बजे कोटेश्वर मंदिर से विशाल राम हनुमान रथ यात्रा निकाली जावेगी जिसका मध्यप्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा पूजन कराकर रवाना किया जावेगा। राम हनुमान रथ यात्रा का समापन . रात्रि 8ः00 बजे इंटक् कार्यालय मैदान हजीरा पर होगा। जहां राम हनुमान रथ पर सवार राम लक्ष्मण जानकी और हनुमान जी के स्वरूप की आरती सांसद ग्वालियर भारत सिंह कुशवाह द्वारा उतारी जायेगी। 3 अप्रैल शुक्रवार को रात्रि 8ः00 बजे पीयूष शास्त्री द्वारा विश्व शांति के लिए हवन यज्ञ किया जायेगा। 4 अप्रैल शनिवार दोपहर 12ः30 बजे शहर के (प्रभु) ईश्वर के प्रति श्रद्धावान आस्थावान पत्रकारों का सम्मान किया जावेगा। साथ ही शाम 6ः00 से विशाल भंडारे का आयोजन किया जायेगा। भंडारा प्रसादी में हनुमान जी महाराज को लगाए गए 56 भोग का प्रसाद भी परोसा जाएगा। संकट मोचन बालाजी धाम मंदिर गोलपाडा द्वारा प्रतिवर्ष निकाली जाने वाली राम हनुमान रथ यात्रा देश में हिन्दु मुस्लिम एकता की मिसाल है। इस राम हनुमान रथ यात्रा का हिन्दुओं के साथ ही मुस्लिम समाज के लोग साफा पहना कर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत करते हैं। वहीं प्रतिवर्ष यात्रा निकलने का मुस्लिम समाज के लोग इंतजार भी करते हैं। पत्रकार वार्ता में दीपक श्रीवास्तव श्री उपाध्याय सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद थे।