मनोरंजन
19-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। पिछले कुछ वर्षों में भोजपुरी संगीत और कलाकारों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। हिंदी फिल्मों में कई भोजपुरी सितारों ने अपनी आवाज और प्रतिभा से खास जगह बनाई है। इनमें पवन सिंह, मनोज तिवारी, शारदा सिन्हा, कल्पना पाटोवरी और मालिनी अवस्थी जैसे कलाकारों के नाम प्रमुख हैं। इन सितारों ने बॉलीवुड फिल्मों में अपनी गायकी से भोजपुरी संगीत को देशभर में नई पहचान दिलाई है। हाल ही में पवन सिंह ने फिल्म स्ट्रीट 2 के गाने आई नहीं से काफी लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद से भोजपुरी और बॉलीवुड के बीच जुड़ाव और भी मजबूत होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा के साथ एक खास तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है, जो तेजी से वायरल हो रही है। सोमवार को निरहुआ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों कलाकार मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ निरहुआ ने भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “आदरणीय बड़े भैया, हम सबके सबसे चहेते सुपरस्टार गोविंदा जी का आशीर्वाद और सानिध्य प्राप्त हुआ। हर हर महादेव।” यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फैंस ने इसे खूब पसंद किया। तस्वीर पर कुछ ही समय में हजारों लाइक्स और व्यूज आ गए। फैंस लगातार कमेंट्स के जरिए दोनों सितारों के प्रति अपना प्यार जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “दो सुपरस्टार एक फ्रेम में।” वहीं एक अन्य यूजर ने गोविंदा की मशहूर फिल्म हीरो नंबर. 1 को याद करते हुए कमेंट किया। इसी तरह कई प्रशंसक इस तस्वीर पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दें कि दिनेश लाल यादव निरहुआ भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक, अभिनेता और राजनेता हैं। उन्होंने कई हिट भोजपुरी फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में काम किया है। स्क्रीन पर उनकी जोड़ी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के साथ काफी पसंद की जाती है। वर्ष 2019 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे और आजमगढ़ लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुके हैं। वहीं गोविंदा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनकी चर्चित फिल्मों में राजा बाबू , कुली नंबर 1, साजन चले ससुराल, दुल्हे राजा, बडे मियां छोटे मियां और पार्टनर जैसी फिल्में शामिल हैं, जो आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।1990 के दशक में उन्होंने अपनी शानदार कॉमेडी और बेहतरीन डांस मूव्स से दर्शकों के दिलों पर राज किया। उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है। सुदामाईएमएस 19 मार्च 2026