मुंबई (ईएमएस)। क्विज रियलिटी शो व्हील ऑफ फार्च्यून की मेजबानी कर रहे बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने बचपन से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा किया। शो के एक एपिसोड में अक्षय कुमार बचपन की यादों में खोते नजर आए। उन्होंने बताया कि उनके पिता पहलवान थे और घर का माहौल हमेशा खेल और मार्शल आर्ट्स से जुड़ा रहता था। उनके अनुसार बचपन से ही घर में मार्शल आर्ट्स, कुश्ती और रेसलिंग की चर्चा आम बात थी। अक्षय ने बताया कि उनके पिता पेशेवर पहलवानों को जानते थे और कई बार उन्हें उन्हीं पहलवानों के साथ कुश्ती लड़ने के लिए कहते थे। अभिनेता ने कहा कि उस समय ये मुकाबले काफी कठिन होते थे, लेकिन उन्हीं अनुभवों ने उन्हें मजबूत बनाया और आज वही चीजें उनके काम आ रही हैं। शो में मौजूद प्रतियोगियों ख्याति रॉय, मीतू तनेजा और आकाश शर्मा के साथ बातचीत के दौरान अक्षय ने माता-पिता और बच्चों के रिश्ते पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बचपन में मिले ये अनुभव न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को मजबूत करते हैं। यही वजह है कि आज उनकी एक्शन फिल्मों में दिखाई देने वाले स्टंट और परफॉर्मेंस में यह आत्मविश्वास साफ नजर आता है। अक्षय कुमार ने इस मौके पर माता-पिता के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता को अपने बच्चों की रुचि और शौक को समझने की कोशिश करनी चाहिए। कई बार ऐसा होता है कि बच्चे पढ़ाई में ज्यादा रुचि नहीं लेते, लेकिन खेल, कला या किसी अन्य क्षेत्र में उनकी गहरी दिलचस्पी होती है। ऐसे में माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों को समझें और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में मदद करें। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि अगर कोई बच्चा पढ़ाई में कमजोर है लेकिन किसी अन्य क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है, तो उसे पहले अपनी शिक्षा पूरी करने के लिए प्रेरित करना चाहिए और उसके बाद उसके सपनों को पूरा करने में उसका साथ देना चाहिए। अक्षय के अनुसार बच्चों को उस चीज से दूर नहीं करना चाहिए, जिसे करने में उन्हें खुशी मिलती हो। अभिनेता ने कहा कि हर बच्चे की रुचि अलग होती है। किसी को तैराकी पसंद होती है, किसी को बॉक्सिंग, किसी को मार्शल आर्ट्स तो किसी को क्विज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना अच्छा लगता है। ऐसे में माता-पिता का सहयोग बेहद अहम होता है। उन्होंने कहा कि अगर परिवार का साथ मिले तो बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ता है और वह जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होता है। सुदामाईएमएस 19 मार्च 2026