मनोरंजन
19-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता विक्रम भांबरी ने बताया कि धुरंधर फिल्म को लेकर दर्शकों का रिस्पॉन्स काफी शानदार रहा है। उनके मुताबिक दर्शकों ने अभी तक जो देखा है, वह सिर्फ शुरुआत है और कहानी में आगे कई दिलचस्प मोड़ आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे हर किरदार अपनी पूरी ताकत के साथ उभरकर सामने आएगा। हाल ही में उन्होंने एक बातचीत के दौरान फिल्म से जुड़े अनुभव, दर्शकों की प्रतिक्रिया और बड़े कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। उनका मानना है कि यह फिल्म दर्शकों को हर लिहाज से एक नया और रोमांचक अनुभव देने वाली है। फिल्म में काम करने के मौके को लेकर विक्रम ने कहा कि यह उनके करियर का एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ है। उन्होंने इसे भगवान की कृपा और अपने आसपास के लोगों के समर्थन का परिणाम बताया। अभिनेता के अनुसार ‘धुरंधर’ जैसी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ बेहद सीख देने वाला अनुभव भी रहा। उन्होंने कहा कि जब किसी बड़े प्रोजेक्ट पर काम करते हैं तो लोग सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि कलाकार के व्यवहार, अनुशासन और पेशेवर रवैये को भी करीब से देखते हैं। विक्रम ने आगे बताया कि फिल्म के सेट पर हर कलाकार को यह भी ध्यान रखना पड़ता है कि निर्देशक किसी किरदार को किस नजरिए से देख रहे हैं। कई बार ऐसा होता था कि उन्हें लगता था कि किसी सीन को अलग तरीके से भी निभाया जा सकता है, लेकिन निर्देशक की सोच कुछ और होती थी। हालांकि उन्होंने कहा कि निर्देशक आदित्य धर के साथ काम करने का अनुभव बेहद खास रहा। अभिनेता के अनुसार आदित्य धर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह कलाकारों को अपनी रचनात्मकता दिखाने का पूरा मौका देते हैं। अगर उन्हें लगता है कि कोई कलाकार किसी सीन में नया प्रयोग कर सकता है, तो वह उसे अलग तरीके से निभाने के लिए प्रोत्साहित भी करते हैं। इसी खुले माहौल के कारण फिल्म की शूटिंग के दौरान चुनौती और मजा दोनों का अनुभव मिला। फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखी जा रही है। फिल्म की रिलीज से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, जिससे साफ है कि प्रशंसकों में इसे देखने की जबरदस्त दिलचस्पी है। बताया जा रहा है कि फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसकी कहानी तथा कलाकारों की परफॉर्मेंस को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ऊंची हैं। मालूम हो कि अभिनेता विक्रम भांबरी इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच बढ़ती उत्सुकता और मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स से अभिनेता बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। सुदामाईएमएस 19 मार्च 2026