गोपालगंज, (ईएमएस)। बिहार के गोपालगंज में तालाब में डूबने से दो छात्रों की मौत हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को तालाब से निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया। यह घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के देवापुर जाफर टोला गांव के समीप की है। मृतक छात्रों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड नंबर 5 के नागेंद्र शर्मा के 11 वर्षीय पुत्र करण कुमार और मांझागढ़ थाना क्षेत्र के देवापुर जाफर टोला गांव के सुखदेव शर्मा के 12 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। बताया गया है कि बुधवार की दोपहर दोनों बच्चे स्कूल से लौटने के दौरान तालाब में नहाने चले गए, नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों छात्रों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को तालाब से निकालकर गोपालगंज सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया। फ़िलहाल आगे की जाँच पुलिस कर रही है। संतोष झा- १९ मार्च/२०२६/ईएमएस