क्षेत्रीय
19-Mar-2026
...


- सूर्य उपासना और ब्रह्मध्वज स्थापना के साथ विक्रमोत्सव का भव्य आगाज गुना (ईएमएस)। शहर के मानस भवन में गुरुवार को जिला स्तरीय विक्रमोत्सव 2026 का अत्यंत गरिमामय और भव्य आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति के महान नायक सम्राट विक्रमादित्य की गौरवगाथा को समर्पित इस कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पन्नालाल शाक्य और कलेक्टर किशोर कन्याल ने दीप प्रज्वलन एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक परंपरा के अनुसार सूर्य उपासना और ब्रह्मध्वज स्थापना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के तत्वावधान और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस उत्सव का मुख्य आकर्षण सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित वृहद नाट्य मंचन रहा। विनर सोसाइटी आर्ट एंड कल्चर के स्थानीय कलाकारों ने युवा रंगकर्मी मधुर जैन के निर्देशन में सम्राट विक्रमादित्य के न्याय, साहस और आदर्श शासन प्रणाली को जीवंत कर दिया। सशक्त संवादों और प्रभावपूर्ण अभिनय के माध्यम से दर्शकों को उज्जैन के उस स्वर्ण काल की याद दिलाई गई, जब विक्रमादित्य के न्याय की चर्चा पूरे विश्व में थी। विधायक पन्नालाल शाक्य ने इस अवसर पर कहा कि विक्रमोत्सव जैसे आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को गौरवशाली भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। कलेक्टर किशोर कन्याल ने सफल आयोजन के लिए पूरी टीम की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, कला प्रेमी और विद्यार्थी मौजूद रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश गोयल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय कला को मंच देना और सम्राट विक्रमादित्य के न्यायप्रिय शासन के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना है। -सीताराम नाटानी