फर्जी नियुक्ति पत्र थमाने वालों पर मामला दर्ज जबलपुर, (ईएमएस)। रांझी थानांतर्गत तीन जालसाजों ने आर्ननेस फैक्टरी खमरिया (ओएफके) में नौकरी लगाने का झांसा देकर नौ बेरोजगारों को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर उनसे 30 लाख रुपये हड़प लिये। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। रांझी पुलिस ने बताया कि शहपुरा डिंडौरी निवासी जान सिंह परस्ते ने शिकायत दर्ज कराई थी कि युवराज पटेल, प्रदीप कश्यप व अजीत सोनी उसके रिश्तेदार के घर के पास रहते हैं। उसके परिवार की युवराज से अच्छी जान पहचान हो गई थी। युवराज ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर स्वयं को आर्डनेंस फैक्टरी का कर्मचारी बताया था। उसने बताया कि फैक्टरी में उसकी अधिकारियों से अच्छी जान पहचान है। वह अब तक कई लोगों की नौकरी लगवा चुका है। तीनों ने जान सिंह व उसके परिवार के लोगों तथा परिचितों को ऑर्डनेंस फैक्टरी में नौकरी लगवाने का कहकर 30 लाख रुपये हड़प लिए। चर्चा के दौरान तीनों ने कहा था कि कम से कम 10 लोगों की वे नौकरी लगवायेंगे। पैसा लेने के बाद युवराज पटेल, प्रदीप कश्यप व अजीत सोनी ने लखनलाल झारिया, सुरेन्द्र कुलस्ते बलवीर, ओमप्रकाश परसराम, नारायण सिंह मरावी, वदाली सिंह, अजय भगत, पूजा सिंह व प्रकाश सिंह को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए। सुनील साहू / मोनिका / 19 मार्च 2026/ 02.14