नई दिल्ली (ईएमएस)। मेटा प्लेटफॉर्म्स ने फेसबुक मार्केटप्लेस पर वॉकी-टॉकी की अनाधिकृत बिक्री के लिए केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) द्वारा लगाए गए 10 लाख रुपये के जुर्माने को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। फेसबुक मार्केटप्लेस पर वाॅकी-टाॅकी की बिना अनुमति बिक्री और लिस्टिंग के लिए 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के मेटा प्लेटफाॅर्म ने बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) के आदेश के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। मेटा ने याचिका में तर्क दिया है कि अमेजन और फ्लिपकार्ट के उलट फेसबुक कोई ई-मार्केट न होकर सिर्फ एक नोटिस बोर्ड है। ऐसे में सीसीपीए का इस पर कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है। मामले पर सुनवाई को 25 मार्च के लिए सूचीबद्ध करते हुए न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव की पीठ ने यह बताने को कहा कि इस आदेश को अधिकार क्षेत्र से बाहर कैसे कहा जा सकता है। अदालत ने सुनवाई के दौरान मेटा की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी से यह भी पूछा कि राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (एनसीडीआरसी) इस मामले पर विचार क्यों नहीं कर सकता? अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/19/मार्च /2026