बादल छाए, बूंदाबांदी की संभावना जबलपुर, (ईएमएस)। गर्मी ने रफ्तार पकड़ी हुई थी कि पश्चिमी विक्षोभ ने उसे अपने जकड़ में ले लिया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार की रात ठंडी हवाएं चलीं तो गुरुवार को बादल छा गये. बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में उछाल बना रहा और गर्मी का माहौल बना रहा| दिन में धूप निकली और शाम होते ही बादल फिर छा गये. जबलपुर सहित संभाग के अनेक जिलों में कहीं कहीं बूंदाबांदी या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान बताया है कि 21 मार्च तक मौसम के मिजाज ऐसे ही रहेंगे। गुरुवार को दिनभर बादलों की अठखेलियां जारी रही। कभी धूप निकलती तो कभी बादल छा जाते। शाम हुई तो तेज हवा चलने लगी लोगों को लगा कि अब वर्षा होगी हालांकि देर रात तक बादल बरसे नहीं। मौसम में आए बदलाव से लोगों को तेज धूप और बढ़ रही गर्मी से राहत मिलती रही। बादलों के कारण रात में जरूर गर्मी का अहसास बढ़ा रहा। वर्तमान में पं बंगाल के क्षेत्रों से लेकर पं बंगाल और ओडिशा से होते हुए तटीय आंध्रप्रदेश तक ट्रफ लाइन फैली हुई है। जिसके कारण अरब सागर की तरफ से नमी आ रही है। साथ ही प्रति चक्रवातीय दक्षिण पूर्वी हवा से बंगाल की खाड़ी से पूर्वी मध्यप्रदेश में नमी आ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 35.05 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 43 प्रतिशत और सायंकाल 31 प्रतिशत आंकी गई। दक्षिणी पश्चिमी हवा की रफ्तार 6 से 7 किमी प्रति घंटे की रही। सूर्योदय सुबह 6.13 बजे हुआ, जबकि सूर्यास्त 6.21 बजे हुआ। प्रदेश में सबसे अधिक 39.2 खजुराहो और सबसे कम तापमान 12.08 पचमढ़ी जिले में दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 34.08 और न्यूनतम तापमान 16.04 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के जिलों में गरज चमक के साथ बौछारे पड़ने की संभावना। सुनील साहू / मोनिका / 19 मार्च 2026/ 06.30