भोपाल(ईएमएस)। महापौर श्रीमती मालती राय होटल ताज द्वारा आयोजित बेस्ट मैनेजमेंट कार्यशाला में सम्मिलित हुई और एमएसडब्ल्यू 2026 के साथ कचरे को छह प्रकार से अलग-अलग करने की आवश्यकता और उसके महत्व के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। महापौर श्रीमती राय ने होटल ताज प्रबंधन द्वारा बेस्ट प्रेक्टिस के अंतर्गत बेहतर कचरा प्रबंधन के साथ खतरनाक कचरे को अलग रखकर निगम वाहनों को दिये जाने की सराहना की। कार्यशाला में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर समूह सकारात्मक सोच के सदस्यगण, बड़ी संख्या में होटल ताज का स्टाफ मौजूद रहा। महापौर श्रीमती मालती राय गुरूवार को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत होटल ताज में आयोजित बेस्ट मैनेजमेंट कार्यशाला में सम्मिलित हुई। महापौर श्रीमती राय ने होटल ताज द्वारा बेहतर कचरा प्रबंधन के साथ प्रत्येक प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने और उसे निगम वाहनों को देने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री ताज बनाने के संकल्प की सराहना की। महापौर श्रीमती राय को अवगत कराया गया कि होटल ताज द्वारा खतरनाक प्रकार के कचरे जैसे टूटे कांच, टूटे सजावटी लाईटें व कटलरी आदि को पूरी तरह से अलग रखकर निगम वाहनों को दिया जा रहा है। महापौर श्रीमती राय ने जलगंगा संवर्धन अभियान में सहभागिता हेतु आव्हान भी किया। कार्यशाला में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर समूह सकारात्मक सोच ने भी कचरे को न्यूनतम करने के लिए संस्था द्वारा किये जा रहे नवाचार जैसे बर्तन बैंक, थैला बैंक आदि के संबंध में जानकारी साझा की। हरि प्रसाद पाल / 19 मार्च, 2026