नई दिल्ली,(ईएमएस)। ग्रेट निकोबार द्वीप के आदिवासी प्रमुखों का एक प्रतिनिधिमंडल, आदिवासी कांग्रेस के नेताओं के साथ, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित ग्रेट निकोबार परियोजना का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि यह परियोजना उनके पारंपरिक जीवन, संस्कृति और द्वीप के नाजुक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। आदिवासी नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि परियोजना को मंजूरी देने की प्रक्रिया के दौरान उनकी सहमति सही तरीके से नहीं ली गई।मुलाकात के दौरान आदिवासी प्रमुखों ने अपनी चिंताओं को विस्तार से रखते हुए कहा कि इस परियोजना से उनके आजीविका के साधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ सकता है। इस पर राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए उनकी आवाज को हर मंच पर उठाएगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदायों के अधिकारों और पर्यावरण संरक्षण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वीरेंद्र/ईएमएस/20मार्च2026