नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी के साथ उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में गुरुवार के बाद शुक्रवार की सुबह की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई है। नोएडा, गुरुग्राम समेत दिल्ली में हो रही बारिश से मौसम बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने दिल्ली, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को पूरे दिन बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का भी अनुमान जताया गया है। दिल्ली के अलावा, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिम के इलाके, उत्तराखंड, हिमाचल, बिहार, झारखंड, बंगाल और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में रेड अलर्ट भी है। बुधवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के साथ बरसात की शुरुआत हुई थी। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश में मौसम को सुहाना बना दिया। लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुककर होने वाली बारिश ने दिल्लीवासियों को राहत दी, जो कई दिनों से गर्मी से जूझ रहे थे। तेज हवाओं से दिन का तापमान तेजी से गिर गया और पिछले तीन वर्षों में इस बार मार्च में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जिसमें औसतन 9.4 मिमी बारिश हुई। मौसमी सिस्टम में हुए बदलाव का असर उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। यहां ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली है, जबकि निचले व मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बदरीनाथ व केदारनाथ में बर्फबारी हुई। वहीं, फूलों की घाटी, त्रिशूल, नंदा देवी और बाकी के ऊंचाई वाले इलाकों में भी भारी बर्फबारी हुई। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी की उंची पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई। इसके अलावा उत्तरकाशी के हर्षिल, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी के बाद सफेद चादर देखने को मिली। इन इलाकों के निचले हिस्से के साथ-साथ देहरादून में हुई बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी ने होटल कारोबार को मुस्कुराने का मौका दे दिया है। बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। होटलों में बुकिंग बढ़ गई है। होटल मालिक इससे बेहद खुश हैं। मनाली और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में पिछले तीन दिन से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। लाहौल और स्पीति जिले के गोंडला में, किन्नौर के केलांग, कुकुमसेरी, हंसा और कल्पा में काफी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की वजह से गाड़ियों को सोलांग से आने जाने पर रोक लगा दी गई थी। मध्य मार्च में होने वाली बर्फबारी पर्यटन उद्योग के लिए वरदान है क्योंकि यह अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गर्मियों तक बनी रहेगी, जो पर्यटकों को आकर्षित करेगी। इस बारिश से फसलों को भी फायदा होगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/20/मार्च/2026