अंतर्राष्ट्रीय
20-Mar-2026


ब्रूसेल्स,(ईएमएस)। ब्रूसेल्स में आयोजित यूरोपीय परिषद की बैठक में यूरोपीय संघ (ईयू) के नेताओं ने मध्य पूर्व में जारी संघर्षों से उत्पन्न होने वाले संभावित प्रभावों के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की है। संघ के नेताओं ने सर्वसम्मति से शपथ ली है कि वे किसी भी ऐसी स्थिति के लिए सतर्क रहेंगे, जो यूरोपीय देशों पर प्रवासन संबंधी दबाव बढ़ा सकती है। हालांकि वर्तमान में जारी तनाव अब तक बड़े पैमाने पर प्रवासियों के प्रवाह में तब्दील नहीं हुआ है, लेकिन ईयू इसे भविष्य के लिए एक बड़े जोखिम के रूप में देख रहा है। शिखर सम्मेलन के बाद जारी निष्कर्षों में उच्च स्तर की सतर्कता और आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। 2015 के प्रवासन संकट के कड़वे अनुभवों से सीख लेते हुए, यूरोपीय संघ ने स्पष्ट किया है कि वह अनियंत्रित प्रवासन को रोकने और अपनी सुरक्षा बनाए रखने के लिए अपने सभी कूटनीतिक, कानूनी, परिचालन और वित्तीय संसाधनों को पूरी तरह तैनात करने के लिए तैयार है। नेताओं ने दोहराया कि ईयू की बाहरी सीमाओं की सुरक्षा और नियंत्रण को भविष्य में और अधिक मजबूत किया जाएगा। बैठक के दौरान नेताओं ने मध्य पूर्व संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से तनाव घटाने और अधिकतम संयम बरतने का आग्रह किया। अंतर्राष्ट्रीय कानून के पूर्ण पालन की वकालत करते हुए ईयू ने ऊर्जा और जल सुविधाओं पर होने वाले हमलों पर तत्काल रोक लगाने का समर्थन किया है। इसके साथ ही, समुद्री सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए यूरोपीय संघ ने अपने दो प्रमुख सैन्य अभियानों—यूनाफोर एपसाइड्स और यूनाफोर अटलांटा को अतिरिक्त संसाधन मुहैया कराने की बात कही है। ये अभियान लाल सागर, हिंद महासागर और खाड़ी क्षेत्र में समुद्री व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उल्लेखनीय है कि 2015 के संकट के दौरान सीरिया, अफगानिस्तान और इराक में अस्थिरता के कारण लगभग 10 लाख से अधिक शरणार्थी यूरोप पहुंचे थे, जिससे वहां की शरण प्रणाली चरमरा गई थी और गहरा राजनीतिक विभाजन पैदा हो गया था। इसी पृष्ठभूमि में, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी परिषद की बैठक में अपनी बात रखी। उन्होंने अमेरिका और इजराइल से ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने का पुरजोर आग्रह किया और सैन्य कार्रवाई के स्थान पर कूटनीति का रास्ता अपनाने पर जोर दिया, ताकि वैश्विक अस्थिरता को रोका जा सके। वीरेंद्र/ईएमएस/20मार्च2026