बिलासपुर (ईएमएस)। हिंदू नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को शहर में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। शाम 5 बजे पुलिस मैदान से महाआरती के साथ शुरू हुई यह शोभायात्रा करीब 4 किलोमीटर लंबी रही, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे शहर में उत्साह, भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। श्रीराम, खाटू श्याम और हनुमान जी की आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।हिंदू नववर्ष के साथ ही नवरात्रि के पहले दिन शहर पूरी तरह भगवामय नजर आया। हर हाथ में भगवा ध्वज और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। आयोजन समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन यादगार बन गया। श्रीराम की भव्य प्रतिमा और जीवंत झांकियों ने खींचा ध्यान शोभायात्रा में 18 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा प्रमुख आकर्षण रही। इसके साथ ही बनारस से लाई गई हनुमान जी की झांकी, 10 बग्घियों में सवार देवी मां की झांकियां और खाटू श्याम बाबा की मनोहारी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांसी की रानी, महाराणा प्रताप और बिलासा माता की झांकियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्ति और संस्कृति का संगम, नाचा-नृत्य से झूमे श्रद्धालु शोभायात्रा में रामधुन मंडली, कीर्तन-भजन, ढोल-ताशे, चलित ऑर्केस्ट्रा के साथ छत्तीसगढ़ का पारंपरिक राउत नाचा, कर्मा नृत्य, पंथी नृत्य और रामपुर का लोकनृत्य शामिल रहा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते-नाचते नजर आए, जिससे पूरा शहर भक्तिमय हो गया। भगवा रंग में रंगा शहर, हर चौक-चौराहे पर भव्य स्वागत शोभायात्रा मार्ग के सभी प्रमुख चौक-चौराहों को भगवा ध्वज और सजावट से सजाया गया था। सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, गांधी चौक, गोल बाजार, सदर बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर समाजों और व्यापारी संघों ने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और जलपान से भव्य स्वागत किया। आईएमए के डॉक्टरों ने भी श्रद्धालुओं का सम्मान किया। 150 वालंटियर और पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था शोभायात्रा के दौरान 150 वालंटियर वॉकी-टॉकी के माध्यम से व्यवस्थाएं संभालते नजर आए। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। तिलक नगर हनुमान मंदिर में हुआ समापन पुलिस मैदान से शुरू होकर शोभायात्रा सत्यम चौक, पुराना बस स्टैंड, शिव टॉकीज, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, गोल बाजार, सदर बाजार होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंची और अंत में तिलक नगर स्थित हनुमान मंदिर में महाआरती के साथ समापन हुआ। यहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। मनोज राज 20 मार्च 2026