बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 बकरियों की चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं। चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेवार और ग्राम सारधा में हाल ही में हुई बकरी-बकरा चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 15 मार्च को प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कुल 37 नग बकरी-बकरा चोरी होने की शिकायत की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू (18 वर्ष) और नजीर खान उर्फ मजीद खान (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मनोज राज 20 मार्च 2026