फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने डायल 112 पर अपने पिता की हत्या की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया। मामला ग्राम किरथरा मोहम्मदपुर का है, जहां श्याम बिहारी (65) पुत्र दीनानाथ की बीती रात बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। हालांकि उनके पुत्र नारद उर्फ सूरज ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता की हत्या कर दी गई है। थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा के अनुसार जांच में सामने आया कि श्याम बिहारी के पिता दीनानाथ ने अपनी तीन बीघा जमीन अपनी पुत्री श्रीदेवी (पत्नी श्याम सिंह, निवासी मदनपुर) के नाम कर दी थी। इसी पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने हत्या की झूठी सूचना दी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस