बिलासपुर (ईएमएस)। सडक़ हादसों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जनवरी से अब तक 913 चालकों को पकडक़र उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई लगातार जारी है। इस अभियान के तहत विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों, तेज और लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग करने वालों, ट्रिपल सवारी, गलत नंबर प्लेट, गलत दिशा में वाहन चलाने और मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार, जनवरी माह से अब तक 913 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। इन सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जहां चालकों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है। जब्त वाहनों की सुपुर्दगी नहीं लेने पर होगी नीलामी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन वाहन चालकों ने अपने जप्त वाहन न्यायालय से सुपुर्दगी में नहीं लिए हैं, उनके वाहनों की जल्द ही नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सही नहीं नशे की हालत में वाहन चलाकर दुर्घटना करने वालों पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में दोषियों पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। मनोज राज 20 मार्च 2026