क्षेत्रीय
20-Mar-2026
...


- पुलिस ने दी सख्त चेतावनी फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के थाना नारखी क्षेत्र में लाइसेंसी राइफल से हर्ष फायरिंग करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार ग्राम नगला चौबे निवासी राहुल कुमार और संदीप कुमार द्वारा लाइसेंसी राइफल से हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना नारखी पुलिस ने 19 मार्च 2026 को लाइसेंसी राइफल धारक वीरेन्द्र कुमार समेत राहुल कुमार और संदीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक 315 बोर लाइसेंसी राइफल, 7 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने राइफल को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक प्रक्रिया जारी है। पुलिस की चेतावनी: अपर पुलिस अधीक्षक शहर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में यह भी सामने आया है कि कुछ संगठन आरोपी के समर्थन में 20 मार्च को थाना नारखी पहुंचकर सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश कर सकते हैं। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी ने कानून व्यवस्था में बाधा डालने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहें। ईएमएस