राष्ट्रीय
20-Mar-2026


-सीएम स्टालिन ने कहा- एआईएडीएमके चुनाव लड़ने दिल्ली से मंजूरी मांग रही है चैन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में एनडीए का असली नेतृत्व कौन कर रहा है- एडप्पाडी के पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली एआईएडीएमके या बीजेपी का हाईकमान- इस सवाल ने तब और भी तीखा रुख अपना लिया है जब सीट बंटवारे की चर्चा से पहले गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली के चक्कर लगाने शुरु कर दिए। एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने दो बार दिल्ली गए, जो दिवंगत सीएम जे जयललिता की सहयोगी दलों को चेन्नई बुलाने की शैली से बिल्कुल उलट है। इस घटनाक्रम ने सत्ताधारी डीएमके को राजनीतिक हथियार मुहैया करा दिए हैं। सीएम एमके स्टालिन ने तीखा हमला करते हुए एआईएडीएमके पर दिल्ली में खुद को गिरवी रखने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि तमिलनाडु को उन ताकतों के कारण नुकसान उठाना पड़ेगा जो चुनाव लड़ने के लिए भी दिल्ली से मंजूरी मांग रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखे एक पत्र में स्टालिन ने इस यात्रा के उद्देश्य पर सवाल उठाया और इसे राज्य के व्यापक राजनीतिक परिदृश्य से जोड़ा। उन्होंने कहा कि विपक्ष की कार्रवाइयां दर्शाती हैं कि फैसले दिल्ली में लिए जा रहे हैं। क्या वे तमिलनाडु के लिए धन सुरक्षित करने, रुकी हुई परियोजनाओं को पूरा करवाने या राज्य के अधिकारों की रक्षा करने के लिए वहां गए हैं? नहीं। उनका ध्यान कहीं और है। लोग इसे अच्छी तरह समझते हैं...तमिलनाडु की जनता दिल्ली या उसके परोक्ष प्रतिनिधियों के प्रभुत्व को कभी स्वीकार नहीं करेगी। सीएम स्टालिन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने का आह्वान किया और दावा किया कि डीएमके और उसका गठबंधन जीत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव उनके द्वारा वर्णित द्रविड़ मॉडल 2.0 के तहत शासन की निरंतरता है और कार्यकर्ताओं से बिना किसी समझौते के काम करने का आग्रह किया। शुक्रवार सुबह पीएमके नेता अंबुमणि रामदास और एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन के भी दिल्ली रवाना होने से राजनीतिक उथल-पुथल और गहरी हो गई, जिससे गठबंधन वार्ता में बीजेपी नेतृत्व की केंद्रीय भूमिका रेखांकित होती है। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसी अटकलें हैं कि बीजेपी, राज्य में अपनी सीमित चुनावी उपस्थिति के बावजूद अपने अधीन ज्यादा सीटें हासिल करने की कोशिश कर सकती है, जिन्हें वह अन्य सहयोगियों के साथ साझा या वितरित करेगी। गठबंधन में अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने का यह एक चतुर तरीका हो सकता है। राज्य के वरिष्ठ बीजेपी नेता, जिन्होंने नाम न बताने की शर्त पर संकेत दिया कि पार्टी अपने कोटे से केवल एएमएमके को ही सीटें आवंटित कर सकती है। इस मामले में एक और पेंच यह है कि पीएम मोदी ने अब तक पलानीस्वामी को एनडीए के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने से परहेज किया है, बल्कि उन्होंने व्यापक रूप से एनडीए सरकार का जिक्र किया है। सिराज/ईएमएस 20मार्च26