- अमन-चैन की दुआएं फिरोजाबाद(ईएमएस) रमजान के आखिरी जुमे अलविदा जुमे की नमाज जनपद भर में अकीदत, रहमत और बरकत के माहौल में अदा की गई। शहर से लेकर देहात तक मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने मुल्क की तरक्की, अमन-चैन, भाईचारे और कौम की बेहतरी के लिए दुआएं कीं। सुबह से ही मुस्लिम समाज के बुजुर्ग, नौजवान, बच्चे और महिलाएं अलविदा जुमे की तैयारियों में जुटे रहे। नगर की प्रमुख मस्जिदों में दोपहर 12:30 बजे से लेकर 2:45 बजे तक नमाज अदा की गई, जबकि महिलाओं ने घरों में इबादत की। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद, शाही मस्जिद, आगा साहब मस्जिद, मेवा फरोशान मस्जिद सहित सभी मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने देश में सुख-शांति, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की दुआ की। प्रशासन रहा मुस्तैद जिलाधिकारी रवि रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में पुलिस और प्रशासन सुबह से ही पूरी तरह सतर्क रहा। अधिकारियों ने लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने प्रमुख जामा मस्जिद पहुंचकर नमाजियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि ईद को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आमजन के सहयोग से त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट से बचने की अपील की। नगर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने भी पूरे दिन अधिकारियों के साथ शहर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी सहित सभी थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे। सौहार्द बनाए रखने की अपील करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने कहा कि अलविदा जुमे की नमाज शांति और सुकून के साथ संपन्न हुई। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईद के दिन नमाज के लिए समय से पहले पहुंचे और त्योहार को प्रेम, भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना भी की। जनपद की विभिन्न मस्जिदों में इमामों ने नमाज अदा कराई और सभी ने एकजुट होकर देश में शांति, सद्भाव और तरक्की के लिए दुआ की। ईएमएस