मंडला (ईएमएस)। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की क्रांति की अग्रणी वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस पर नगर के लालीपुर प्रतिमा स्थल में जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों की उपस्थिति में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उनकी वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। समारोह में प्रो शरद नारायण खरे, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, समाजसेवी नरेश कछवाहा, संघर्ष समिति के अध्यक्ष एड संजय चौरसिया जिला योजना अधिकारी ओम प्रकाश सिरसे, उमेश ठाकुर, राजकुमार दमाहे, गुलाब सिंगरौरे, बंधु ठाकुर कुंजन जाघेला, डीएल मोंगरे, लोधी क्षत्रिय समाज जिला अध्यक्ष कन्हैया ठाकुर, आलोक जिला अध्यक्ष राजेश लोधी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिमा स्थल पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अपने उद्बोधन में इतिहासकार प्रो शरद नारायण खरे ने वीरांगना के शौर्य, त्याग एवं समर्पण को याद करते हुए कहा कि अल्प आयु में देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाली रानी अवंती बाई आज भी भारतीय स्वाभिमान और नारी चेतना की प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि उनके शौर्य का लोहा उनके शत्रु भी मानते थे तथा आने वाले समय में कविता के माध्यम से उनके पराक्रम को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इतिहासकार प्रशांत श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि रानी अवंती बाई के जीवन पर फिल्म निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है, जिसके लिए उनसे जुड़ी ऐतिहासिक सामग्री एकत्रित की जा रही है। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष नरेश कछवाहा ने कहा कि 1857 की क्रांति के दौरान रानी अवंती बाई ने राजाओं को चूड़ियां भेजकर युद्ध के लिए प्रेरित किया था, जिससे राष्ट्रभाव जागृत हुआ। उन्होंने रानी अवंती बाई संघर्ष समिति के कार्यों को याद करते हुए कहा कि लालीपुर स्थित प्रतिमा और झूला पुल जैसे निर्माण उनके संघर्ष का परिणाम हैं। कार्यक्रम में लखन कछवाहा ने स्वरचित कविता का पाठ कर वीरांगना को श्रद्धांजलि दी। वहीं महेश ठाकुर ने कहा कि वीरांगना के व्यक्तित्व व कृतित्व से हर नागरिक का रोम-रोम गौरवान्वित है तथा देश की आजादी में अविभाजित मंडला का योगदान भी महत्वपूर्ण रहा है। कार्यक्रम का संचालन कन्हैया ठाकुर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अवंती बाई संघर्ष समिति, लोधी क्षत्रिय समाज, आलोक संघ एवं अन्य संगठनों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर आलोक के प्रदेश मीडिया प्रभारी बालसिंह ठाकुर, अशोक ठाकुर, नारायण जांघेला, लखन ठाकुर, परशराम ठाकुर, अरविंद बंटी ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी मंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। ईएमएस / 20/03/2026