- भावुक हुआ माहौल बाल सुरक्षा हेतु विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही गुना (ईएमएस)। पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करते हुए एक सराहनीय पहल की गई। दिनांक 19 मार्च 2026 को प्रातः लगभग 09 बजे आरपीएफ गुना द्वारा विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) गुना को सूचना दी गई कि एक लगभग 05 वर्षीय बालिका रेलवे स्टेशन गुना पर लावारिस अवस्था में मिली है । सूचना प्राप्त होते ही SJPU टीम द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ मौके पर पहुंचकर बालिका से संवाद स्थापित किया गया । काउंसिलिंग के दौरान बालिका ने अपने शब्दों में बताया कि वह अपनी मां के साथ ट्रेन में आई थी, जहां किसी बात पर नाराज होकर उसकी मां ने उसे ट्रेन से उतार दिया और स्वयं चली गई । बालिका छोटी होने के कारण अपना पूरा पता स्पष्ट नहीं बता पा रही थी, किंतु उसने “मंडीदीप, बांडा/मांडा, मांडवा, राजाकोटि, आदर्श विद्या मंदिर स्कूल, देवी माता मंदिर, कक्षा 1, पिता फूल का काम करते हैं” जैसे महत्वपूर्ण संकेत दिए । पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के निर्देशन में SJPU गुना टीम द्वारा इन संकेतों के आधार पर आसपास के सभी राज्यों में संभावित स्थानों की जानकारी खंगालना प्रारंभ किया गया । लगभग 10 घंटे की सतत मेहनत के बाद जिला प्रयागराज (उ.प्र.) पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया, जहां थाना मांडा खास क्षेत्र में मांडवी देवी मंदिर की जानकारी सामने आई । संबंधित थाने से बालिका का फोटो एवं विवरण साझा करने पर पुष्टि हुई कि बालिका के पिता राम सुंदर माली मंदिर में फूलों का कार्य करते हैं तथा दिनांक 17 मार्च से बालिका अपनी मां के साथ लापता थी, जिसकी सूचना स्थानीय थाने में दी गई थी । इसके पश्चात SJPU गुना द्वारा बालिका के पिता से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों सहित उन्हें मांडा खास, जिला प्रयागराज (उ.प्र.) से गुना (म.प्र.) बुलाया गया । आज दिनांक 20 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के समक्ष बालिका को उसके पिता से मिलवाया गया । इस दौरान पिता अपनी पुत्री को पाकर भावुक हो गए और उसे गले लगाकर रो पड़े । वहां उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गईं । पुलिस अधीक्षक द्वारा बालिका से स्नेहपूर्वक बातचीत कर उसके पिता को आवश्यक समझाइश दी गई । तत्पश्चात विशेष किशोर पुलिस इकाई गुना द्वारा बाल कल्याण समिति (CWC) की प्रक्रिया पूर्ण कर बालिका को सुरक्षित रूप से उसके पिता के सुपुर्द किया गया । गुना पुलिस का यह प्रयास न केवल त्वरित कार्यवाही का उदाहरण है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है । इस सराहनीय कार्य में प्रभारी अधिकारी विशेष किशोर पुलिस इकाई अनिल सिंह तोमर, आरपीएफ से सउनि विनोद कुमार, आरक्षक संदीप सैनी, स्नेहा यादव एवं सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष डॉ. नीरू शर्मा की विशेष भूमिका रही है । - सीताराम नाटानी