राज्य
20-Mar-2026


* व्यक्त की जा रही सड़क हादसे में मृत्यु की आशंका कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम रजकम्मा के समीप एक बुजुर्ग की रक्तरंजित लाश सड़क पर मिली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पहचान कार्यवाही शुरू की, लेकिन उसकी शिनाख्ती नही हो सकी। पुलिस ने मृतक के शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। संभावना जताई जा रही है कि उसकी मृत्यु किसी वाहन की चपेट में आने से हुई होगी। बताया जा रहा है कि कटघोरा-बिलासपुर मुख्य मार्ग में लोगों की आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान ग्राम रजकम्मा के समीप राहगीरों की नजर एक लाश पर पड़ी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थी। मृतक खून से लथपथ था। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक के संबंध में जानकारी ली, लेकिन कोई खास जानकारी हाथ नही लगी। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत मृतक के शव को सुरक्षित मर्क्युरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीबन 60-65 साल होगी। उसके शरीर में हरे रंग को जैकेट व नीले पीले रंग का चौकोर वाला लुंगी पहना है। उसके पैर में उभार का निशान है, जिससे मृतक की पहचान हो सकती है। पुलिस ने बुजुर्ग की शिनाख्ती के लिए जिले के अलावा पड़ोसी जिलों के थाना चौकियों को भी सूचित कर दिया है। 20 मार्च / मित्तल