राज्य
20-Mar-2026
...


:: दशहरा मैदान के अवध लोक में उमड़ा जनसैलाब; बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन :: इन्दौर (ईएमएस)। इंदौर के दशहरा मैदान स्थित अवध लोक में आयोजित ‘सबके राम’ अनुष्ठान इन दिनों भक्ति और शक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। कार्यक्रम में शामिल हुए इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सनातन धर्म की जड़ें अत्यंत गहरी हैं और आज विश्व पटल पर भारत का जो उदय हो रहा है, उसके पीछे हमारे ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं का आशीर्वाद है। उन्होंने जोर देकर कहा कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए इस तरह के भव्य अनुष्ठान शहर के हर क्षेत्र में निरंतर होने चाहिए ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों और संस्कारों से मजबूती से जुड़ी रहे। सांसद लालवानी ने अवध लोक में निर्मित वृन्दावन के प्रेम मंदिर की भव्य प्रतिकृति में राम दरबार की आरती और विशेष पूजा-अर्चना भी की। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्कूली बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यांजलि और देवी अहिल्या स्कूल के विद्यार्थियों ने योग एवं भारतीय संस्कृति से प्रेरित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं अनुभूति विजन सेवा संस्थान के बच्चों ने अपनी कला से हजारों दर्शकों को सम्मोहित किया। मेले के व्यावसायिक क्षेत्र में पहली बार पूर्वोत्तर भारत के हस्तशिल्प कलाकार और महिला उद्यमी अपने आकर्षक उत्पाद लेकर पहुँचे हैं। साथ ही, झाबुआ के दाल-पानिए, बिहार के लिट्टी-चोखा और गुजरात के खमण-ढोकला जैसे विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल्स पर ग्राहकों का भारी हुजूम उमड़ रहा है। महोत्सव के आगामी आकर्षणों में शनिवार 21 मार्च को रतलाम की जवाहर व्यायामशाला के खिलाड़ियों द्वारा मलखम्ब का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 23 मार्च को शहीद दिवस पर राष्ट्रभक्ति के कार्यक्रम और 27 मार्च तक रामायण पर आधारित भव्य नृत्य नाटिकाओं का मंचन होगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह योगासन व गौपूजन के साथ लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में आहुतियां दी जा रही हैं। शाम को पंचकर्म के माध्यम से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और प्रेम मंदिर में महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शहर के प्रमुख संत और प्रबुद्धजन सहभागी हो रहे हैं। प्रकाश/20 मार्च २०२६ संलग्न चित्र- दशहरा मैदान स्थित अवध लोक पर चल रहे सबके राम महोत्सव में स्कूली बच्चे अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देते हुए।