राज्य
20-Mar-2026
...


:: कलेक्टर शिवम वर्मा ने की एलपीजी व्यवस्था की समीक्षा; बोले- 24 घंटे में दूर हो उपभोक्ताओं की हर शिकायत :: इन्दौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज रेसिडेंसी कोठी में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में पिछले 10 दिनों की आपूर्ति स्थिति और उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की बारीकी से पड़ताल की गई। इस दौरान इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के सेल्स अधिकारियों के साथ-साथ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी और गैस एजेंसियों के डीलर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पिछले 10 दिनों में इंदौर जिले के घरेलू उपभोक्ताओं को लगभग 3 लाख 63 हजार गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की गई है। प्रशासन के अनुसार, यह आपूर्ति सामान्य दिनों की तुलना में एक नया रिकॉर्ड है, क्योंकि इसी समयावधि में आमतौर पर लगभग 2 लाख 60 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति होती है। कलेक्टर ने इस सक्रियता को बरकरार रखने के निर्देश दिए ताकि बाजार में सिलेंडरों की कोई कमी न रहे। :: शिकायतों पर 24 घंटे में कार्रवाई के निर्देश :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने तेल कंपनियों और गैस एजेंसियों को सख्त हिदायत दी है कि हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली उपभोक्ताओं की किसी भी शिकायत का निराकरण हर हाल में 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि इसकी दैनिक रिपोर्ट जिला आपूर्ति कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को मिलने वाली कमर्शियल सिलेंडर की विशेष छूट और उनकी निर्बाध आपूर्ति को निरंतर जारी रखने के आदेश दिए गए। :: गैस पाइपलाइन कनेक्शन को प्राथमिकता :: बैठक में अवंतिका गैस पाइपलाइन के माध्यम से दिए जा रहे कनेक्शनों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि पिछले 10 दिनों में लगभग 600 घरेलू और 111 कमर्शियल पाइपलाइन कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जहाँ-जहाँ पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहाँ प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन दिए जाएँ ताकि सिलेंडरों पर निर्भरता कम हो सके। उन्होंने आवेदन के एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन प्रदान करने की प्रक्रिया को और अधिक गति देने के निर्देश दिए। :: कालाबाजारी के खिलाफ सख्त अभियान :: गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पिछले 10 दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग द्वारा अब तक 92 प्रकरण दर्ज कर लगभग 300 सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि कुछ गंभीर मामलों में अभियोजन की कार्रवाई भी की गई है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की छापामार कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए और शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रकाश/20 मार्च 2026