:: प्रभात फेरी के माध्यम से सामाजिक सरोकार का संकल्प; 26 मार्च तक चलेगा सेवा प्रकल्पों का सिलसिला :: इन्दौर (ईएमएस)। केन्द्रीय साईं सेवा समिति द्वारा शहर के 200 से अधिक साईं मंदिरों के सहयोग से एक अनूठी सेवा पहल शुरू की गई है। समिति के अध्यक्ष गौतम पाठक, प्रदीप यादव और समीर जोशी ने बताया कि 26 मार्च तक प्रतिदिन निकलने वाली साईं पालकी यात्रा और प्रभात फेरी के दौरान क्षेत्र के सफाई मित्रों का सम्मान कर उन्हें उपहार भेंट किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के नायकों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना और समाज को सेवा कार्यों से जोड़ना है। अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को विष्णुपुरी क्षेत्र में प्रभात फेरी और बाबा की पालकी के पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर साईं भक्तों ने मूक परिंदों के लिए दाना-पानी रखने हेतु रहवासियों को सकोरे भेंट किए। पूरे क्षेत्र में बाबा की पालकी का भव्य स्वागत किया गया। बोले सो निहाल के जयकारों और आतिशबाजी के बीच श्रद्धालु भजनों पर थिरकते नजर आए। विशेष रूप से होस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं ने भी इस भक्तिमय आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। :: सिख परिवारों ने किया भव्य स्वागत :: विष्णुपुरी एनेक्स में पिंकी भाटिया के निवास पर सैकड़ों सिख परिवारों ने श्रद्धापूर्वक बाबा की पालकी का पूजन किया। भजन गायक प्रदीप परमार और ध्रुव सेठी के भजनों ने माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इस दौरान आलोक खादीवाला, चंदू कुंजीर, ज्ञानेश्वर होल्कर और अन्य सदस्यों ने 26 मार्च को रामनवमी पर निकलने वाली साईंराम यात्रा का न्योता भी दिया। यह यात्रा ब्रह्मलीन विनिता पाठक की स्मृति में बड़ा गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक निकाली जाएगी। :: आज बाणगंगा क्षेत्र में प्रभात फेरी :: समिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार 21 मार्च को सुबह 5:30 बजे बाणगंगा क्षेत्र के मुखर्जी नगर स्थित राधू जायसवाल के निवास से प्रभात फेरी प्रारंभ होगी। इसके बाद 22 मार्च को तिलक नगर, 23 मार्च को स्कीम 71 और 24 मार्च को रामबाग चौराहा क्षेत्र में पालकी यात्रा निकाली जाएगी। समापन अवसर पर प्रसाद वितरण के साथ ही प्रतिदिन नए सामाजिक संकल्प लिए जाएंगे। प्रकाश/20 मार्च 2026