इन्दौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रथम इस्कॉन मंदिर आगमन पर मंदिर प्रबंधन और भक्तों ने उनका भव्य अभिनंदन किया। निपान्या स्थित अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) में अध्यक्ष स्वामी महामनदास के सानिध्य में वेदपाठी बटुकों ने वैदिक मंगलाचरण के साथ मुख्यमंत्री का सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. यादव ने भगवान राधा-गोविन्द की आरती की और इस्कॉन संस्थापक भक्ति वेदांत स्वामी प्रभुपाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गौ-पूजन भी किया। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस्कॉन अध्यक्ष स्वामी महामनदास ने मुख्यमंत्री के समक्ष मंदिर परिसर के समीप महाकाल लोक की तर्ज पर श्रीकृष्ण लोक विकसित करने, गौशाला हेतु भूमि उपलब्ध कराने और एडवांस एकेडमी से मंदिर तक के मार्ग का नाम स्वामी प्रभुपाद के नाम पर रखने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने भक्तों को आश्वस्त करते हुए बताया कि प्रथम चरण में निपान्या तालाब के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 1 करोड़ 77 लाख रुपये की योजना मंजूर की जा चुकी है और द्वितीय चरण में अन्य विकास कार्यों को भी शामिल किया जाएगा। इस दौरान हरि अग्रवाल, शैलेन्द्र मित्तल और अशोक गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। प्रकाश/20 मार्च 2026