-अमीर अब कम उम्र की जगह हमउम्र पत्नी रखना कर रहे पसंद न्यूयॉर्क,(ईएमएस)। पुराने दौर की हॉलीवुड फिल्में हों या मशहूर उपन्यास, एक सीन हमेशा कॉमन होता था- सफेद बालों वाला बेहद अमीर बिजनेसमैन, जो अपने बगल में खुद से आधी उम्र की बेहद खूबसूरत पत्नी का हाथ थामे किसी पार्टी में आता है। समाज में इस चलन को ‘ट्रॉफी वाइफ’ का नाम दिया गया। तब ऐसा माना जाता था कि जैसे-जैसे आदमी की तिजोरी भरती है, उसकी पत्नी की उम्र घटती है। लेकिन हालिया आंकड़ों ने इस फिल्मी कहानी को पूरी तरह पलट दिया है। अमेरिका के सबसे अमीर जोड़ों पर किए गए नए विश्लेषण से पता चला है कि अब रईस दंपतियों में उम्र का फासला तेजी से कम हो रहा है। 2013 के शोध के मुताबिक उस समय ‘फोर्ब्स 400’ की सूची में शामिल दुनिया के सबसे अमीर पुरुषों और उनकी पत्नियों के बीच औसतन 7 साल का अंतर था। आम लोगों में यह अंतर महज 2-3 साल का होता था। हाल के वर्षों में यह फर्क घटा और 2024 तक सबसे अमीर और औसत समूह में 10 साल या उससे ज्यादा का अंतर करीब समान हो गया। अब अलग उम्र वाले साथी से शादी की संभावना सबसे ज्यादा निम्न आय वर्ग में दिखती है। आय पैमाने के निचले सिरे पर करीब 8 प्रतिशत पुरुष, पत्नी से करीब 10 साल बड़े हैं, जबकि मध्यम आय वर्ग में यह अनुपात करीब 5 प्रतिशत है। चौंकाने वाली बात यह थी कि अगर ये रईस दूसरी शादी करते थे, तब नई पत्नी उनसे औसतन 22 साल छोटी होती थी। तब इस चीज को कामयाबी की निशानी माना जाता था। अक्सर चर्चा होती है कि पुरुष छोटी उम्र की पत्नी चुनते हैं, तब सफल महिलाएं भी छोटे उम्र के ‘ट्रॉफी हसबैंड’ खोजती होंगी। लेकिन जैसे-जैसे महिलाओं की कमाई बढ़ी है, वे छोटी उम्र के बजाय हमउम्र जीवनसाथी को अहमियत दे रही हैं। अमीर महिलाओं में उम्र के बड़े फासले वाली शादियां उतनी ही कम हैं, जितनी कम आय वाली महिलाओं में। 1980 में टॉप 1 प्रतिशत कमाई वाले पतियों में हर 12 में 1 पत्नी उनसे कम से कम 10 साल छोटी थी, जबकि पूरे सैंपल में यह अनुपात हर 17 में 1 था। यानी अमीर वर्ग में उम्र का बड़ा अंतर ज्यादा दिखता था। समाजशास्त्री कहते हैं, इस बदलाव का कारण ‘पैसा’ नहीं, बल्कि ‘शिक्षा’ है। ज्यादा कमाने वाले लोग जिंदगी का बड़ा हिस्सा कॉलेज, यूनिवर्सिटी व प्रोफेशनल कोर्स में बिताते हैं। इस दौरान उनका सामाजिक दायरा उनके क्लासमेट्स का होता है। वे उन्हीं के साथ काम करते हैं, वक्त बिताते हैं, उन्हीं में से जीवनसाथी चुनते हैं। आशीष/ईएमएस 21 मार्च 2026