राज्य
21-Mar-2026
...


:: 45 फीट ऊँचे और 165 फीट चौड़े द्वार पर अंकित हुए 18 गौत्र के नाम; महलनुमा आकृति बनी आकर्षण :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के नवलखा स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल पर अग्रसेन यूथ क्लब द्वारा निर्मित भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। करीब 3 वर्षों की कड़ी मेहनत और बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन सहित समाज के सहयोग से तैयार यह द्वार मध्य प्रदेश का अपनी तरह का पहला और अनूठा प्रवेश द्वार माना जा रहा है। 45 फीट ऊँचे और 165 फीट चौड़े इस विशाल द्वार की बनावट किसी भव्य किले या महल जैसी है, जो पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा की शोभा में चार चाँद लगा रही है। प्रवेश द्वार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इस पर महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों (18 गौत्र) के नाम और उनके कालजयी आदर्श सिद्धांत “एक रुपया-एक ईंट” को बड़ी ही खूबसूरती से उकेरा गया है। निर्माण समिति के प्रमुख गोविन्द सिंघल ने बताया कि इस द्वार को 85 रंग-बिरंगी आधुनिक लाइटों से सुसज्जित किया गया है, जो रात्रि के समय पूरे क्षेत्र को एक अद्भुत और अलौकिक आभा प्रदान करती हैं। सुरक्षा दीवार की तरह नजर आने वाला यह महलनुमा द्वार शहर की नई पहचान बनेगा। :: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे लोकार्पण :: अग्रसेन यूथ क्लब के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता एवं सचिव सौरभ गोयल बालाजी ने बताया कि क्लब के एक प्रतिनिधि मंडल ने हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर उन्हें इस गौरवशाली द्वार के लोकार्पण का न्योता दिया है। विधायक गोलू शुक्ला एवं उज्जैन भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि वे इस भव्य निर्माण के अवलोकन और शुभारंभ के लिए अवश्य इंदौर आएंगे। इस ऐतिहासिक निर्माण में जिला प्रशासन, नगर निगम और समाज के वरिष्ठजनों का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। प्रतिनिधि मंडल में संजय बांकडा, पार्षद मृदुल अग्रवाल, प्रयोग गर्ग और राहुल गोयल बंटी सहित निर्माण समिति के कई पदाधिकारी शामिल थे। लोकार्पण समारोह की तैयारियां अब युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं, जिसे समाज के एक बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। प्रकाश/21 मार्च 2026