नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली के दामोदर पार्क औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें जर्जर हैं और जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। 12 साल से उपेक्षा के कारण कारोबारियों को भारी परेशानी हो रही है। कूड़ा, पार्किंग की समस्या और जलभराव से व्यापार प्रभावित हो रहा है। कारोबारी किशन कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा सड़कों पर कूड़ा और गंदगी डालने से समस्या भी बढ़ गई है। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैली रहती है, जो कामकाज के माहौल को भी प्रभावित करती है। उद्योगपति सुरेंद्र कुमार गुप्ता बताते है कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद यहां पार्किंग की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यापारियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द सड़क मरम्मत, जल निकासी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यवसाय और दैनिक गतिविधियों पर गंभीर असर पड़ेगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/22/मार्च/2026