क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


- तेज हवा से उछला बच्चा, पत्थरों पर गिरने से हालत गंभीर गुना (ईएमएस)। जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बीस भुजा देवी मंदिर मेले में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ मिक्की माउस झूले पर झूलते समय अचानक आई तेज हवा के कारण एक मासूम बच्चा अनियंत्रित होकर नीचे पत्थरों पर गिर गया और मलबे में दब गया। इस दुर्घटना में बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं दो अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायल बच्चे की पहचान आशुतोष (7 वर्ष), पिता नरेंद्र शर्मा, निवासी शाढ़ौरा जिला अशोकनगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आशुतोष अपनी मां संगीता शर्मा और अन्य परिजनों के साथ बीस भुजा देवी के दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद वह मेले में मिक्की माउस झूले का आनंद ले रहा था, तभी अचानक मौसम बदला और तेज हवा चली। हवा के दबाव से हवा भरा झूला डगमगा गया और बच्चा उछलकर सीधे नीचे पड़े पत्थरों पर जा गिरा। माता संगीता शर्मा ने रुंधे गले से बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। आनन-फानन में घायल बच्चे को जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती किया गया है। मेले में सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर झूला जमीन से सही तरह से बंधा होता, तो शायद हवा के झोंके से यह हादसा नहीं होता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। - सीताराम नाटानी