क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


- कार्यपालक अभियंता का किया पुतला दहन पश्चिमी सिंहभूम (ईएमएस)।बड़ाजामदा पंचायत के ग्राम खासजामदा मनकी साई में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया। आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।ग्रामीणों ने बैठक के दौरान बताया कि प्रमिन लोहार के घर के सामने बना सोलर आधारित जल मीनार पिछले तीन महीनों से खराब पड़ा है। यह जल मीनार डीएमएफटी फंड से निर्मित किया गया था, जिससे करीब 100 परिवारों को पेयजल मिलता था। वहीं मंगल सिंह चातोम्बा के घर के सामने बने दूसरे सोलर जल मीनार का पूरा स्ट्रक्चर, सोलर प्लेट और अन्य उपकरण एजेंसी द्वारा खोलकर ले जाने का आरोप भी लगाया गया।ग्रामीणों का कहना है कि यह योजना पानी सप्लाई के लिए बनाई गई थी, लेकिन पूरी तरह विफल साबित हो रही है। पानी के लिए अब लोगों को दूर-दूर तक जाना पड़ता है, जिससे खासकर महिलाओं के बीच रोजाना विवाद और झगड़े की स्थिति बन रही है।प्रदर्शन के दौरान “पेयजल विभाग होश में आओ”, “कार्यपालक अभियंता मुर्दाबाद”, “विधायक-सांसद जवाब दो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।मानसिंह तिरिया ने आरोप लगाया कि डीएमएफटी फंड का उपयोग पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए होना चाहिए, लेकिन अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से फंड का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में चापाकल और जल मीनार खराब पड़े हैं, जिनकी मरम्मत के लिए कई बार सदन में मुद्दा उठाया गया।धरना-प्रदर्शन और 48 घंटे की भूख हड़ताल भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो हजारों ग्रामीण हांडी-बर्तन के साथ उपायुक्त के समक्ष विशाल जुलूस और प्रदर्शन करेंगे।इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल रहे, जिनका एक ही मांग है“जल ही जीवन है, हमें हमारा हक चाहिए।” कर्मवीर सिंह/22मार्च/26