क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


- चालक पर लापरवाही के आरोप गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सडक़ हादसा सामने आया है, जहाँ मजदूरों से भरा एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में वाहन में सवार लगभग दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों में से दो की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अनियंत्रित होकर पलटा वाहन, मची चीख-पुकार प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगपुर पंचायत के हरिपुर गांव से लगभग 25 मजदूरों को एक लोडिंग वाहन में बिठाकर मजदूरी के लिए पूनम खेड़ी ले जाया जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे म्याना क्षेत्र में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार वाहन सडक़ पर ही पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के नीचे कई मजदूर दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए रेस्क्यू शुरू किया और दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला। अस्पताल में अफरा-तफरी, दो गंभीर घायल रेफर सूचना मिलते ही म्याना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और सभी घायलों को म्याना अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद डॉ. दिव्यांशु शर्मा ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल दिलीप पटेलिया और राधिका वंशकार को सिर और अंदरूनी चोटें आने के कारण तत्काल गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। अन्य मजदूरों में से कुछ को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मजदूरों ने लगाया लापरवाही और धमकी का आरोप हादसे का शिकार हुए मजदूरों ने वाहन चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चालक शुरुआत से ही बड़ी लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चला रहा था। मजदूरों ने उसे टोकने का प्रयास भी किया, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद मजदूरों ने उन्हें डराने-धमकाने के आरोप भी लगाए हैं ताकि वे पुलिस में शिकायत न करें। फिलहाल, म्याना पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और वाहन चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। - सीताराम नाटानी