- कंटेंट रहेगा हमेशा सुरक्षित, कभी भी कहीं भी सीखने की मिलेगी सुविधा बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के विजिलेंस विभाग में शनिवार को अत्याधुनिक वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली की शुरुआत की गई। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने इस हाईटेक व्यवस्था का उद्घाटन किया। इस प्रणाली के जरिए अब हर मिनट करीब 600 वीडियो रिकॉर्ड किए जा सकेंगे, जिससे प्रशिक्षण और निगरानी व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। नई व्यवस्था में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे अधिकारी और कर्मचारी अपने कौशल विकास के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। रिकॉर्ड किया गया कंटेंट चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा, जिससे ‘कभी भी, कहीं भी’ सीखने की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक मनोज गुरुमुखी सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। मल्टीमीडिया कंटेंट होगा तैयार महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक के उपयोग से क्षमता निर्माण और सुशासन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली के तहत विजिलेंस जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष मल्टीमीडिया कंटेंट तैयार किया जाएगा। फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की दक्षता में होगा सुधार रेलवे के विभिन्न विभाग तकनीकी और प्रशासनिक विषयों पर वीडियो मॉड्यूल तैयार करेंगे, जिससे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की दक्षता में सुधार होगा। इसके लिए 6 टीबी डिजिटल स्टोरेज की व्यवस्था की गई है, जिसमें लगभग 6 हजार (प्रत्येक 10 मिनट) वीडियो सुरक्षित रखे जा सकेंगे। रेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल पारदर्शिता बढ़ाने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और संस्थागत ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में अहम साबित होगी। मनोज राज 22 मार्च 2026