क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। नगर निगम मुख्यालय स्थित विकास भवन में फॉल सीलिंग भरभराकर गिर गई। थर्ड फ्लोर पर संचालित स्मार्ट सिटी के डाटा सेंटर में यह घटना हुई, जिसमें बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस घटना ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डाटा सेंटर को 7-8 माह पहले ही बंद कर दिया गया था और लंबे समय तक यह क्षेत्र लॉक रहा। इस दौरान किसी प्रकार की मरम्मत या सुधार कार्य नहीं किया गया। बुधवार 18 मार्च को जब काफी प्रयासों के बाद कमरे का लॉक खोला गया, तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। फॉल सीलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी थी। वहीं, लॉक खुलते ही वहां रखी कुर्सियों को लेकर अफरा-तफरी मच गई। नगर निगम के कुछ कर्मचारी अपनी पुरानी कुर्सियां हटाकर यहां से नई कुर्सियां ले जाते नजर आए। करोड़ खर्च के बाद ही हो रहे हादसे करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद भवन की स्थिति इतनी खराब है कि बारिश के दौरान जगह-जगह सीपेज हो जाती है। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि बारिश के दौरान इस क्षेत्र के कमरे का फॉल सीलिंग डैमेज हुआ था, जिसके बाद इसे बंद किया गया। अब बहुत दिनों बाद कमरे को खोलने पर फॉल सीलिंग पूरी तरह से गिरी मिली। यदि घटना के समय वहां कर्मचारी मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। मनोज राज 22 मार्च 2026