क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


- गले मिलकर दी मुबारकबाद,अमन-चैन की दुआओं के साथ मनाई ईद बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए और अकीदत के साथ नमाज अदा कर अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी।ईदगाह में सुब्हानिया अंजुमन कमेटी की ओर से नमाज का आयोजन किया गया। यहां हजऱत अल्लामा मौलाना मुफ्ती अब्दुल अज़ीम ने इमामत की। उनके साथ मौलाना यूसुफ रजा बरकाती और हाफिज मोहम्मद फरीद अशरफी भी मौजूद रहे। नमाज के बाद सभी ने देश-प्रदेश में शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। गले मिलकर दी ईद की बधाई नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। हर तरफ खुशी और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खास उत्साह नजर आया। चांद नहीं दिखने से एक दिन बाद मनी ईद इस बार गुरुवार को चांद नजर नहीं आने के कारण ईद का त्योहार एक दिन आगे बढ़ गया। 29वें रोजे के दिन चांद नहीं दिखने के बाद 21 मार्च को ईद मनाने का एलान किया गया, जिसके तहत शनिवार को पूरे शहर में त्योहार मनाया गया।ईद से पहले पूरे सप्ताह शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। कपड़े, मिठाइयों और सेवइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। वहीं, त्योहार के दिन घरों में सेवइयों और विभिन्न लजीज व्यंजन बनाकर रिश्तेदारों और दोस्तों को दावत दी गई। मनोज राज 22 मार्च 2026