क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


- बरगी नगर में हादसा ठेकेदार पर एफआईआर की मांग जबलपुर, (ईएमएस)। बरगी बांध परिक्षेत्र के बरगी नगर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। सिंचाई विभाग द्वारा वर्षों पहले बनाए गए खंडहर हो चुके कार्यालय और आवास की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार खंडहर भवन से ईंट निकालने का काम चल रहा था। रविवार सुबह करीब 8 बजे 51 वर्षीय धनीराम झारिया दीवार तोड़ रहा था, तभी दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी और वह मलबे में दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के समय ट्रैक्टर चालक छोटे लाल झारिया भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर एक ठेकेदार का है। छोटे लाल ने बताया कि ठेकेदार ने खंडहर की दीवार से ईंट निकालने को कहा था। ईंट निकालते समय ही दीवार गिर गई। बाद में मलबा हटाकर धनीराम को बाहर निकाला गया और शव घर ले जाया गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप है कि शासकीय निर्माण सामग्री की चोरी लंबे समय से हो रही है और इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। मामले की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी सरिता पटेल और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सुनील साहू / शहबाज / 21 मार्च 2026/ 00.07