व्यापार
23-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मेटा द्वारा अब फेसबुक पर कंटेंट पोस्ट करने के बदले क्रिएटर्स को पैसे दिए जाएंगे। सोशल मीडिया की दुनिया में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच मेटा ने कंटेंट क्रिएटर्स को आकर्षित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने एक नया प्रोग्राम शुरू किया है। खास बात यह है कि यह ऑफर उन क्रिएटर्स के लिए है जो पहले से इंस्टाग्राम और यूटयूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर लोकप्रिय हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रोग्राम के तहत क्रिएटर्स को हर महीने भुगतान किया जाएगा। जिनके फॉलोअर्स 20 हजार से 1 लाख के बीच हैं, वे हर महीने कुछ सौ डॉलर तक कमा सकते हैं। वहीं, 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाले क्रिएटर्स को करीब 3000 डॉलर यानी लगभग 2.7 लाख रुपये तक की कमाई का मौका मिल सकता है। इस योजना का उद्देश्य फेसबुक पर क्रिएटर्स की सक्रियता बढ़ाना और प्लेटफॉर्म को फिर से मजबूत बनाना है। मेटा ने कमाई के तरीके को भी पहले से ज्यादा पारदर्शी बनाने की कोशिश की है। अब केवल व्यूज के आधार पर नहीं, बल्कि कंटेंट की गुणवत्ता और यूजर एंगेजमेंट के आधार पर कमाई तय होगी। इसके लिए कंपनी ने क्वालिफाइड व्यू, ईयरनिंग्स रेट और नॉन-क्वालिफाइड व्यूज जैसे नए टूल्स पेश किए हैं, जिनसे क्रिएटर्स को यह समझने में मदद मिलेगी कि उनकी कमाई कैसे हो रही है और किन व्यूज से उन्हें लाभ नहीं मिल रहा। दरअसल, हाल के वर्षों में फेसबुक की पकड़ कुछ कमजोर पड़ी है, क्योंकि युवा यूजर्स का रुझान इंस्टाग्राम और यूटयूब की ओर ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में मेटा अब क्रिएटर्स को आर्थिक प्रोत्साहन देकर उन्हें फेसबुक पर वापस लाने की रणनीति पर काम कर रहा है। कंपनी का मानना है कि जब बड़े क्रिएटर्स प्लेटफॉर्म पर एक्टिव होंगे, तो उनके फॉलोअर्स भी यहां आएंगे, जिससे यूजर एंगेजमेंट बढ़ेगा। आज के समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के बीच सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा क्रिएटर्स को लेकर है। सुदामा/ईएमएस 23 मार्च 2026