नई दिल्ली (ईएमएस)। नया स्मार्टफोन वनप्लस 15टी अब जल्द लॉन्च होने जा रहा है। यह डिवाइस 24 मार्च को चीन में पेश किया जाएगा, जबकि इसके प्री-ऑर्डर पहले ही शुरू हो चुके हैं। भारतीय बाजार में यह स्मार्टफोन वनप्लस 15एस नाम से एंट्री कर सकता है। लॉन्च से पहले कंपनी ने इसके कुछ प्रमुख फीचर्स का खुलासा भी कर दिया है। डिजाइन की बात करें तो वनप्लस 15टी कॉम्पैक्ट फॉर्म फैक्टर में फ्लैगशिप अनुभव देने वाला स्मार्टफोन होगा। इसमें 6.32 इंच का अमोलेड डिस्प्ले मिलेगा, जो 165 एचझेड रिफ्रेश रेट के साथ आएगा। फोन के बेजल बेहद पतले, करीब 1.1 मिमी होंगे और इसके किनारे गोल डिजाइन के साथ आकर्षक लुक देंगे। साथ ही इसमें अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर भी दिया जाएगा। परफॉर्मेंस के मामले में यह डिवाइस काफी दमदार साबित हो सकता है। इसमें स्नैपड्रेगन 8 इलाइट जेन 5 चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जो हाई-एंड प्रोसेसिंग और गेमिंग के लिए बेहतर माना जाता है। बैटरी भी इसकी बड़ी खासियत होगी। फोन में 7,500 एमएएच की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो 100वॉट वायर्ड और 50वॉट वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करेगी। इसके अलावा, यह मैग्नेटिक वायरलेस एक्सेसरीज को भी सपोर्ट करेगा। फोटोग्राफी के लिए फोन में पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस दिया जाएगा, जो बेहतर जूम और पोर्ट्रेट शॉट्स लेने में मदद करेगा। लीक जानकारी के अनुसार, इसमें 50 मेगापिक्सेल का सोनी लीटिया 700 मेन कैमरा और 50 मेगापिक्सेल का टेलीफोटो सेंसर मिल सकता है। साथ ही, यह डिवाइस आईपी66, आईपी68 और आईपी69 जैसे वाटर और डस्ट रेजिस्टेंस सर्टिफिकेशन के साथ आएगा। वनप्लस 15टी को पांच अलग-अलग स्टोरेज वेरिएंट में पेश किया जाएगा और यह तीन आकर्षक रंगों में उपलब्ध होगा। सुदामा/ईएमएस 23 मार्च 2026