23-Mar-2026


कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार कोरबा अंचल के व्यस्ततम इलाकों में शुमार निहारिका घंटाघर के पास देर शाम एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक कपड़ा दुकान के सामने हुई इस घटना का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी देते हुए बताया जा रहा हैं कि एक वाहन चालक युवक और एक दुकान के कर्मचारी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर थाना और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मारपीट के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है। 23 मार्च / मित्तल