- सेंसेक्स 1300 अंक लुढ़का, निफ्टी 22700 के नीचे फिसला मुंबई (ईएमएस)। हफ्ते के पहले कारोबारी सत्र सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। वैश्विक बाजारों में कमजोरी और अमेरिका–ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर घरेलू बाजार पर देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 73,732 पर खुला, लेकिन जल्द ही बिकवाली बढ़ने से यह करीब 1,300 अंकों की गिरावट के साथ 73,218 के स्तर तक फिसल गया। वहीं निफ्टी-50 22,824 पर खुलने के बाद 22,700 के नीचे पहुंच गया। बाजार में गिरावट की प्रमुख वजह डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान को दी गई कड़ी चेतावनी रही। ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान 48 घंटे के भीतर स्ट्रेट आफ होर्मुज को पूरी तरह नहीं खोलता, तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई कर सकता है। इस बयान के बाद वैश्विक निवेशकों में चिंता बढ़ गई, जिसका असर एशियाई बाजारों समेत भारत पर भी पड़ा। सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में टाटा स्टील, स्टेट बैंक आफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक और अडाणी पोर्ट जैसे शेयरों में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट से निवेशकों की संपत्ति को बड़ा नुकसान हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण घटकर लगभग 421 लाख करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले सत्र में 428 लाख करोड़ रुपए से अधिक था। यानी निवेशकों के करीब 7.3 लाख करोड़ डूब गए। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट मुख्य रूप से वैश्विक अनिश्चितता के कारण है और स्थिति सामान्य होने पर बाजार में स्थिरता लौट सकती है। एशिया के ज्यादातर बाजार सोमवार को गिरावट में रहे। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के हालात का वैल्यूएशन कर रहे थे। जापान का निक्की 225 सोमवार को 3.3 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कॉपी इंडेक्स 4.6 प्रतिशत की गिरावट पर ट्रेड कर रहा है। पिछले शुक्रवार को अमेरिका के एसएंडपी 500 और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज क्रमशः 1.51 प्रतिशत और 0.96 प्रतिशत नीचे बंद हुए थे। सतीश मोरे/23मार्च ---