क्षेत्रीय
23-Mar-2026


0 स्कैन करते ही रिकॉर्ड स्वत: सिस्टम में हो जाएगी दर्ज बिलासपुर (ईएमएस)। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बिलासपुर रेल मंडल में नई तकनीक आधारित पहल शुरू की जा रही है। अब जोनल मुख्यालय स्तर पर क्यूआर कोड आधारित बीट सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे आरपीएफ की गश्त पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरव कुमार ने बताया कि रेलवे परिक्षेत्र में अवैध दुकानें लगाने, अतिक्रमण करने और बदमाशी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कॉलोनियों में असामाजिक गतिविधियाँ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत रेलवे क्षेत्र के सभी बीट पॉइंट्स पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। पेट्रोलिंग टीम इन कोड को स्कैन करेगी, जिससे यह रिकॉर्ड स्वत: सिस्टम में दर्ज हो जाएगा कि किस जवान ने किस समय किस स्थान पर गश्त की। इससे निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी और लापरवाही पर रोक लगेगी। बाइक पेट्रोलिंग टीम भी गठित रेलवे कॉलोनियों में बढ़ती शिकायतों को देखते हुए विशेष बाइक पेट्रोलिंग टीम भी गठित की गई है। ये टीमें लगातार गश्त करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा रेलवे सीमा को स्पष्ट करने के लिए इंजीनियरिंग विभाग के साथ संयुक्त सर्वे कराया जा रहा है। सीमांकन के बाद उसी दायरे में सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मनोज राज 23 मार्च 2026