0 सीमा बेवरेजेस से 77 पेटी पैकेज्ड पानी जब्त, एक्सपायरी डेट और लेबलिंग में गड़बड़ी बिलासपुर (ईएमएस)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कदम उठाए। अभिहित अधिकारी आर.आर. देवांगन के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी की टीम ने बिलासपुर स्थित मेलोडी आइसक्रीम फर्म का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आइसक्रीम की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक्सपायरी डेट भी अंकित नहीं इसके अलावा टीम ने अशोक नगर क्षेत्र में स्थित सीमा बेवरेजेस पर भी छापामार कार्रवाई की। यहां पैकेज्ड पेयजल की 77 पेटियां जब्त की गईं। जांच के दौरान पाया गया कि पानी की बोतलों पर मिथ्या छाप (गलत लेबलिंग) थी और कई उत्पादों पर एक्सपायरी डेट भी अंकित नहीं थी, जो कि खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है। अधिकारियों ने मौके पर ही पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए और संबंधित फर्म संचालक को नोटिस जारी किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मनोज राज 23 मार्च 2026