क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। 21 मार्च शनिवार को ग्राम डंगनिया (खैरा) हाई स्कूल मैदान में केवट (निषाद) समाज, जाली लगरा बिलासपुर परिक्षेत्र की वार्षिक महासभा भव्य रूप से आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम और गुहा निषादराज की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला, विधायक बेलतरा थे। कार्यक्रम में आरपा पैरी की धार गायिका देवी निषाद (खैराबहार, कोरबा) और संगीता निषाद (रायपुर) ने नयनाभिराम गीत प्रस्तुत किए, जिनका श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया। समाज के समाजसेवियों का सम्मान भी किया गया। मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला ने अपने उद्बोधन में समाज को बेटियों की शिक्षा सुनिश्चित करने, नशा उन्मूलन अभियान चलाने और पुस्तैनी व्यवसाय मत्स्य पालन को सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे बेरोजगारी और आर्थिक समस्याओं में कमी आएगी। बिलासा सेवा समिति ने 30 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की, जिसका उपयोग छात्रावास के लिए 7 पंखे और 50 कुर्सियों की खरीद में किया जाएगा। यह राशि छात्रावास में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से पुरस्कृत और प्रोत्साहित करने के लिए भी उपयोग की जाएगी। वर्तमान में छात्रावास में 35 छात्र हैं, और निर्माणाधीन नया छात्रावास भवन (25 लाख रुपए में) तैयार होने पर ग्रामीण क्षेत्र के और अधिक विद्यार्थी इसमें रहकर पढ़ाई कर सकेंगे। इस आयोजन में मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला, विशिष्ट अतिथि राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर, प्रदीप कैवर्त, संयोजक मछुवारा प्रकोष्ठ, प्रकाशचंद्र कैवर्त, महासचिव केंद्रीय समिति शिवरीनारायण और कार्यक्रम अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद केवट उपस्थित थे। कार्यक्रम में समाजसेवी, विद्यार्थियों का प्रतिभा सम्मान और बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने में योगदान दिया। मनोज राज 23 मार्च 2026